मुश्किलों में घिरे उद्योगपति अनिल अंबानी को बड़ा झटका लगा है। प्रवर्तन निदेशालय (प्रवर्तन निदेशालय**) ने बुधवार को मुंबई स्थित उनके आलीशान घर ‘अबोड’ को कुर्क कर लिया। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के तहत की गई है, जिससे उनकी संपत्ति अब कानूनी दायरे में आ गई है।
3,700 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति कुर्क
अनिल अंबानी का यह बंगला मुंबई के पॉश इलाके पाली हिल में स्थित है और देश के सबसे महंगे घरों में गिना जाता है। 66 मीटर ऊंची इस इमारत में 17 मंजिलें हैं। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, कुर्क की गई इस संपत्ति की कीमत करीब 3,716.83 करोड़ रुपये आंकी गई है।
क्या है मामला?
यह कार्रवाई रिलायंस कम्युनिकेशंस (RCOM) से जुड़े कथित बैंक धोखाधड़ी केस से जुड़ी है। ईडी ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत अस्थायी आदेश जारी कर इस प्रॉपर्टी को अटैच किया है। एजेंसी का आरोप है कि कंपनी के जरिए बैंकों के साथ धोखाधड़ी की गई और उस रकम का इस्तेमाल मनी लॉन्ड्रिंग में हुआ।
इस केस में अब तक कुर्क की गई कुल संपत्तियों की कीमत लगभग 15,700 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।
फिर हो सकती है पूछताछ
66 वर्षीय अनिल अंबानी को जांच के दूसरे दौर में फिर से ईडी के सामने पेश होना पड़ सकता है। इससे पहले अगस्त 2025 में भी उन्होंने एजेंसी के सामने पेश होकर अपना बयान दर्ज कराया था। अब उनसे इस मामले में और कड़े सवाल पूछे जाने की संभावना है।
पहले से आर्थिक संकट में कंपनी
अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस लंबे समय से कर्ज और कानूनी मामलों से जूझ रही है। एक समय देश के बड़े उद्योगपतियों में गिने जाने वाले अंबानी के लिए यह कार्रवाई बड़ा व्यक्तिगत और कारोबारी झटका मानी जा रही है।















