दिल्ली-मेरठ के बीच सफल संचालन के बाद अब नमो भारत आरआरटीएस प्रोजेक्ट का दायरा और बढ़ने जा रहा है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को जानकारी दी कि गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा कॉरिडोर के फाइनल एलाइनमेंट को मंजूरी मिल गई है।
करीब 61 किलोमीटर लंबा यह नया कॉरिडोर छह स्टेशनों के साथ तैयार किया जाएगा। इसकी अनुमानित लागत लगभग 15,000 करोड़ रुपये बताई गई है।
इफ्को चौक से शुरू होगा नया रूट
इस रूट की शुरुआत गुरुग्राम के इफ्को चौक से होगी, जो पहले से नमो भारत के एक अहम स्टेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां से यात्री दूसरे कॉरिडोर से भी आसानी से कनेक्ट हो सकेंगे।
इसके बाद ट्रेन ब्रिगेडियर उस्मान चौक, फरीदाबाद के बाटा चौक और सेक्टर 85-86 से होकर नोएडा के सेक्टर 142 तक पहुंचेगी। आगे यह रूट सूरजपुर तक जाएगा और गाजियाबाद-जेवर कॉरिडोर से जुड़ जाएगा।
इस नए कॉरिडोर के शुरू होने के बाद नोएडा से गुरुग्राम का सफर सिर्फ 38 मिनट में पूरा हो सकेगा।
नए स्टेशनों की लिस्ट
- गुरुग्राम: इफ्को चौक, ब्रिगेडियर उस्मान चौक
- फरीदाबाद: बाटा चौक, सेक्टर 85-86
- नोएडा: सेक्टर 142 (यहां एक्वा लाइन से कनेक्टिविटी मिलेगी)
- ग्रेटर नोएडा (सूरजपुर): जेवर-गाजियाबाद रूट से जुड़ाव
NCR में बढ़ेगी कनेक्टिविटी
इस कॉरिडोर के चालू होने के बाद एनसीआर के प्रमुख शहरों के बीच यात्रा और आसान हो जाएगी। नमो भारत के अन्य रूट्स से जुड़ने पर यह नेटवर्क पूरे NCR में तेज और सुगम कनेक्टिविटी देगा।















