छत्तीसगढ़ में परसा खदान से कोयला परिवहन के लिए बनाए गए रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। अडानी कंपनी द्वारा तैयार इस ट्रैक पर चल रही एक मालगाड़ी के 7 डिब्बे पटरी से उतर गए, जिससे रेल संचालन प्रभावित हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सूरजपुर स्टेशन से भेजा गया खाली (एमटी) रैक सुबह करीब 3:05 बजे रामानुजनगर के पास हादसे का शिकार हो गया। कोयला लोडिंग के लिए जा रही इस मालगाड़ी के डिब्बे अचानक बेपटरी होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। घटना के बाद पूरे ट्रैक पर आवागमन ठप हो गया।
सूचना मिलते ही रेलवे के कैरेज एवं वैगन (C&W) विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे कंट्रोलर के निर्देश पर टावर कार और मशीनों के साथ मरम्मत कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। देर शाम तक ट्रैक बहाली का काम जारी रहा, जबकि अधिकारियों का कहना है कि देर रात तक संचालन बहाल किया जा सकता है।
पटरी में दरार से हुआ हादसा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक में दरार आने के कारण पटरी टूट गई थी, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ।
स्थानीय कर्मचारियों ने बताया कि जहां हादसा हुआ, वहां से महज कुछ ही दूरी पर मुख्य सड़क है। अगर डिब्बे नीचे गिरते, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक निरीक्षण प्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों में भी नाराजगी है कि समय रहते ट्रैक की खराबी का पता क्यों नहीं चल सका।
फिलहाल रेलवे प्रशासन द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और ट्रैक को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की कोशिश जारी है।















