वीडियो देखने के लिए दुनिया के सबसे बड़े प्लेटफॉर्म YouTube पर जल्द ही एक नया और दिलचस्प फीचर आने वाला है। इस फीचर के जरिए यूजर्स प्लेटफॉर्म के अंदर ही एक-दूसरे को मैसेज भेज सकेंगे। यानी अब लोगों को वीडियो शेयर करने के लिए किसी दूसरे मैसेजिंग ऐप का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। कंपनी इस फीचर को नए तरीके से दोबारा शुरू करने की तैयारी कर रही है।
अब वीडियो शेयर करना होगा आसान
अभी तक अगर किसी को यूट्यूब वीडियो भेजना होता था तो यूजर्स को पहले वीडियो का लिंक कॉपी करना पड़ता था और फिर उसे किसी दूसरे मैसेजिंग ऐप में जाकर पेस्ट करना पड़ता था। यह तरीका थोड़ा लंबा और झंझट भरा होता था। लेकिन नए फीचर के आने के बाद यूजर्स सीधे यूट्यूब के अंदर ही वीडियो शेयर कर सकेंगे। इससे वीडियो भेजना पहले से काफी आसान हो जाएगा।
इन शर्तों के साथ मिलेगा फीचर
इस नए मैसेजिंग फीचर का इस्तेमाल करने के लिए कुछ शर्तें भी होंगी। सबसे पहले यूजर का यूट्यूब अकाउंट में साइन-इन होना जरूरी होगा। इसके अलावा यूजर की उम्र कम से कम 18 साल होनी चाहिए। इस फीचर में मैसेज भेजने वाले के पास मैसेज को अनसेंड करने का विकल्प भी होगा, जबकि मैसेज पाने वाला यूजर उसे स्वीकार या अस्वीकार कर सकेगा।
पहले भी मिल चुका है ऐसा फीचर
कम लोगों को पता है कि यूट्यूब पर पहले भी इसी तरह का मैसेजिंग फीचर मौजूद था। उस समय यूजर्स ऐप के अंदर ही चैट कर सकते थे और वीडियो शेयर कर सकते थे। हालांकि बाद में कंपनी ने इस सुविधा को बंद कर दिया था। अब इसे नए रूप में दोबारा शुरू किया जा रहा है, ताकि प्लेटफॉर्म को और ज्यादा इंटरैक्टिव बनाया जा सके।
इन देशों में शुरू हुआ रोलआउट
शुरुआत में यूट्यूब ने इस फीचर को पोलैंड और आयरलैंड में लॉन्च किया था। इसके बाद अब इसे धीरे-धीरे कई अन्य देशों में भी रोल आउट किया जा रहा है। इनमें ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, बुल्गारिया, क्रोएशिया, साइप्रस, चेक रिपब्लिक, डेनमार्क, एस्टोनिया, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, हंगरी, आइसलैंड, इटली, लातविया, लग्जमबर्ग, माल्टा, नीदरलैंड, नॉर्वे, पुर्तगाल, रोमानिया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, स्पेन, स्विट्जरलैंड और स्वीडन जैसे कई देश शामिल हैं।
भारत में कब मिलेगा यह फीचर
फिलहाल कंपनी ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह नया मैसेजिंग फीचर भारत समेत बाकी देशों में कब तक लॉन्च किया जाएगा। हालांकि माना जा रहा है कि अगर यूजर्स को यह फीचर पसंद आता है, तो आने वाले समय में इसे और अधिक देशों में भी उपलब्ध कराया जा सकता है। फिलहाल भारतीय यूजर्स को इसके लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है।
















