भारत के स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन इतिहास रचने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। ऑल इंग्लैंड ओपन 2026 के फाइनल में पहुंचकर उन्होंने देश की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। अब वह उस खिताब से सिर्फ एक जीत दूर हैं, जिसका इंतजार भारत को करीब 25 साल से है।
इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल में लक्ष्य सेन का सामना चीनी ताइपे के खिलाड़ी लिन चुन यी से होगा। यह मुकाबला 8 मार्च को इंग्लैंड के बर्मिंघम में खेला जाएगा। लक्ष्य सेन ने सेमीफाइनल में कनाडा के खिलाड़ी विक्टर लाई को कड़े मुकाबले में 21-16, 18-21 और 21-15 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। पूरे टूर्नामेंट में लक्ष्य ने शानदार प्रदर्शन किया है और अब उनकी नजर खिताब जीतने पर है।
25 साल का इंतजार खत्म करने का मौका
लक्ष्य सेन के पास भारत के लिए 25 साल का लंबा इंतजार खत्म करने का सुनहरा अवसर है। इससे पहले भारत के लिए यह खिताब सिर्फ दो खिलाड़ियों ने जीता है। सबसे पहले प्रकाश पादुकोण ने साल 1980 में और फिर पुलेला गोपीचंद ने साल 2001 में ऑल इंग्लैंड ओपन का खिताब अपने नाम किया था। अगर लक्ष्य सेन यह मुकाबला जीत जाते हैं तो वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट को जीतने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।
दूसरी बार फाइनल में पहुंचे लक्ष्य
यह लक्ष्य सेन का ऑल इंग्लैंड ओपन में दूसरा फाइनल है। इससे पहले वह साल 2022 में भी फाइनल तक पहुंचे थे, लेकिन तब उन्हें उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा था। इस बार उनके पास पिछली हार का हिसाब चुकता करने और खिताब जीतने का मौका है।
कब, कहां और कैसे देखें फाइनल मुकाबला ?
- फाइनल मुकाबला रविवार 8 मार्च को बर्मिंघम के एरिना में खेला जाएगा।
- भारतीय समयानुसार मैच शाम 5 बजकर 20 मिनट पर शुरू होगा।
- यह मुकाबला टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देखा जा सकेगा।
- इसके अलावा मैच बैडमिंटन विश्व महासंघ के यूट्यूब चैनल और जियो हॉटस्टार ऐप व वेबसाइट पर भी सीधा प्रसारण किया जाएगा।















