अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर अब हवाई यात्रा पर भी दिखने लगा है। जेट ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी के चलते एयर इंडिया ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराए में बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। कंपनी ने ऐलान किया है कि 12 मार्च से घरेलू फ्लाइट टिकट पर 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा।
इंटरनेशनल फ्लाइट भी होंगी महंगी
एयर इंडिया ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी फ्यूल सरचार्ज लगाने का निर्णय लिया है। इसके चलते घरेलू और विदेश जाने वाली दोनों तरह की फ्लाइट्स के टिकट महंगे हो जाएंगे। नई दरें 12 मार्च से लागू होंगी।
जेट फ्यूल की कीमतों में उछाल वजह
हवाई किराया बढ़ाने की मुख्य वजह मिडिल ईस्ट में चल रहा अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच तनाव है। इस संघर्ष के कारण जेट ईंधन की कीमतों में तेजी आई है। इसी को देखते हुए एयरलाइन ने किराया बढ़ाने का फैसला लिया है।
पहले चरण में 399 रुपये का अतिरिक्त चार्ज
मंगलवार को जारी बयान में एयर इंडिया ने कहा कि नया सरचार्ज सिस्टम चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा। पहले चरण में 12 मार्च से घरेलू और दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (सार्क) देशों के लिए उड़ानों पर 399 रुपये प्रति टिकट फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर डॉलर में अतिरिक्त चार्ज
एयर इंडिया के मुताबिक पश्चिम एशिया के लिए उड़ानों पर 10 डॉलर, अफ्रीका के लिए 90 डॉलर और दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए 60 डॉलर तक का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा। इन बदलावों में सिंगापुर जाने वाली उड़ानें भी शामिल हैं, जहां फिलहाल कोई फ्यूल सरचार्ज नहीं लिया जाता था।
चरणबद्ध तरीके से बढ़ेगा अतिरिक्त चार्ज
एयर इंडिया समूह ने अपने बयान में कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष के कारण जेट ईंधन की कीमतों में तेज बढ़ोतरी हुई है। इसी वजह से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर फ्यूल सरचार्ज को चरणबद्ध तरीके से लागू करने का फैसला लिया गया है।















