रायगढ़, 26 जनवरी 2026/ गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला कलेक्टोरेट परिसर में कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। सृजन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश को दिशा देने वाली मूल शक्ति है। संविधान में निहित नियम और मूल्य हमें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सभी से संविधान की भावना को समझने, उसके नियमों का पालन करने और अपने कर्तव्यों का निष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान धान खरीदी कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। वहीं, नन्ही बालिका विधि कुमारी ने संविधान की प्रस्तावना का सस्वर पाठ कर कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की।
इस अवसर पर सहायक कलेक्टर श्री अक्षय डोसी, अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो, श्री रवि राही, डॉ. प्रियंका वर्मा, संयुक्त कलेक्टर श्री राकेश गोलछा, श्रीमती पूजा बंसल सहित कलेक्टोरेट के सभी अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।
















