पटना एयरपोर्ट पर गुरुवार को उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। खराब मौसम और कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण आने-जाने वाली कुल 27 फ्लाइट्स देर से चलीं। इनमें 17 उड़ानें रवाना होने वाली और 10 आने वाली थीं।
अलग-अलग एयरलाइंस की ये फ्लाइट्स अपने तय समय से 30 मिनट से लेकर करीब 1 घंटे 45 मिनट तक लेट रहीं। देरी की वजह से यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। सुबह से ही टर्मिनल भवन में यात्रियों की भीड़ नजर आई।
कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने की चिंता
कई यात्री फ्लाइट की स्थिति जानने के लिए सूचना काउंटरों पर पूछताछ करते दिखे, जबकि कुछ लोग अपनी कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने को लेकर परेशान रहे।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, मौसम सामान्य होते ही उड़ानों को सुचारू करने की कोशिश की गई। यात्रियों को सलाह दी गई है कि एयरपोर्ट आने से पहले संबंधित एयरलाइन से अपनी फ्लाइट की ताजा जानकारी जरूर ले लें।
















