डाक विभाग 17 मार्च 2026 को ‘24 स्पीड पोस्ट’ नाम की एक नई सेवा शुरू करने जा रहा है। इस सेवा का शुभारंभ केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और संचार राज्य मंत्री चंद्र शेखर पेम्मासानी द्वारा किया जाएगा। यह कार्यक्रम दिल्ली के आकाशवाणी भवन स्थित रंगभवन सभागार में दोपहर 12:30 बजे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में आयोजित होगा।
नई 24 स्पीड पोस्ट सेवा के तहत तुरंत और तय समय में पार्सल भेजने की सुविधा मिलेगी। इस सेवा में अगले दिन डिलीवरी की गारंटी दी गई है। यानी अगर आप आज पार्सल भेजते हैं तो वह अगले दिन अपने गंतव्य तक पहुंच जाएगा। हालांकि, शुरुआत में यह सेवा केवल कुछ चुनिंदा शहरों में ही उपलब्ध होगी।
पहले चरण में इन शहरों में मिलेगी सुविधा
संचार मंत्रालय के अनुसार, पहले चरण में यह सेवा दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों में शुरू की जाएगी। इसके साथ ही 24 और 48 घंटे वाली स्पीड पोस्ट सेवाओं के लिए अलग प्रोसेसिंग विंडो और प्राथमिकता वाले हवाई परिवहन की व्यवस्था की जाएगी, जिससे क्रमशः एक दिन (D+1) और दो दिन (D+2) में पार्सल की डिलीवरी सुनिश्चित की जा सके।
कमर्शियल ग्राहकों को मिलेंगी कई सुविधाएं
नई सेवा में ओटीपी आधारित सुरक्षित डिलीवरी, एसएमएस अलर्ट के साथ पार्सल की पूरी ट्रैकिंग, कमर्शियल ग्राहकों के लिए बाद में भुगतान (बीएनपीएल) की सुविधा, बल्क बुकिंग पर मुफ्त पिकअप, एपीआई इंटीग्रेशन और केंद्रीकृत बिलिंग जैसी कई सुविधाएं भी दी जाएंगी। इससे बड़े ग्राहकों और कंपनियों को पार्सल भेजने में और अधिक सुविधा मिलेगी।
समय पर नहीं पहुंचा कुरियर तो वापस मिलेगा पैसा
इस सर्विस की सबसे खास बात ये है कि अगर आपका कुरियर समय पर नहीं पहुंचाया जाता है या किसी भी वजह से लेट हो जाता है तो आपको सर्विस के लिए वसूला गया पैसा भी वापस कर दिया जाएगा। जी हां, डाक विभाग द्वारा इस सर्विस के साथ आपको लेट होने की स्थिति में मनी-बैक गारंटी भी दी जाएगी, जिससे इंडिया पोस्ट की प्रीमियम एक्सप्रेस डिलीवरी क्षमता और मजबूत होगी। बताते चलें कि भारतीय डाक द्वारा ये नई सर्विस शुरू किए जाने से आम लोगों को एक से दो दिन के अंदर गारंटी के साथ कुरियर प्राप्त हो जाएगा।
















