छत्तीसगढ़ में 12वीं बोर्ड की हिंदी परीक्षा के पेपर लीक होने की खबर को लेकर राजधानी रायपुर में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI ने इस मुद्दे पर शिक्षा मंडल कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस बीच अब पूरे मामले पर माध्यमिक शिक्षा मंडल की सचिव का भी बयान सामने आया है।
मंडल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 14 मार्च 2026 को कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की बोर्ड परीक्षा शांतिपूर्ण और सफल तरीके से आयोजित की गई थी। मंडल को 15 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे सोशल मीडिया (व्हाट्सएप) और 16 मार्च को मीडिया के जरिए यह जानकारी मिली कि एक छात्र संगठन ने दावा किया है कि परीक्षा से एक दिन पहले यानी 13 मार्च 2026 को सोशल मीडिया पर हिंदी विषय से जुड़े सवालों का एक हस्तलिखित पर्चा वायरल हुआ था।
मंडल के अनुसार, जो वीडियो या सामग्री सामने आई है वह परीक्षा खत्म होने के बाद सामने आई है, इसलिए इसे सीधे तौर पर प्रश्नपत्र लीक की घटना नहीं माना जा सकता। हालांकि, परीक्षा जैसे संवेदनशील मामले को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया है।
मंडल ने एहतियात के तौर पर इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने और पुलिस व साइबर सेल से विस्तृत जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
















