छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ली है। सोमवार देर रात राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में तेज आंधी के साथ अच्छी बारिश हुई। कुछ जगहों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। तेज हवाओं के चलते कई इलाकों में पेड़ गिरने की खबरें भी सामने आईं। इस दौरान हवाओं की रफ्तार करीब 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही।
गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना
सोमवार दिन में प्रदेश के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 2 से 4 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया था। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
मौसम विभाग के मुताबिक 17 मार्च को प्रदेश के कुछ इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। सोमवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में रिकॉर्ड हुआ।
न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री रहने का अनुमान
मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों के बाद कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा। राजधानी रायपुर में आज आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग ने पहले ही कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया था। सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों के अलावा राजनांदगांव, कबीरधाम, बेमेतरा, रायपुर, बलौदाबाजार, नारायणपुर और सुकमा में आंधी, तेज हवाएं और गरज-चमक को लेकर चेतावनी दी गई थी। यह अलर्ट 17 मार्च सुबह 6 बजे तक प्रभावी रहा।
















