अगर आप LPG यूजर हैं तो आपके लिए एक अहम खबर है। आधार आधारित बायोमेट्रिक eKYC को लेकर चल रही अफवाहों के बीच सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि यह कोई नया नियम नहीं है। यह सिर्फ़ एक चल रही प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसका मकसद उन ग्राहकों को eKYC पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करना है, जिन्होंने अभी तक इसे नहीं कराया है।
दोबारा कराने की जरूरत नहीं
सरकार ने कहा है कि जो ग्राहक पहले ही eKYC कर चुके हैं, उन्हें इसे दोबारा कराने की जरूरत नहीं है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (PMUY) के तहत आने वाले ग्राहकों को हर वित्त वर्ष में केवल एक बार eKYC करना होता है, और यह तभी जरूरी होता है जब वे 7 सिलेंडर के बाद 8वें या 9वें सिलेंडर पर मिलने वाली सब्सिडी (DBT) का लाभ लेना चाहते हैं।
घर बैठे मुफ्त में पूरा कर सकते हैं eKYC
सरकार ने यह भी बताया कि eKYC की प्रक्रिया बहुत आसान है और इसे घर बैठे मुफ्त में पूरा किया जा सकता है। साथ ही, यह भी स्पष्ट किया गया है कि अगर eKYC अभी तक नहीं हुआ है तो भी LPG सब्सिडी पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
eKYC से लाभार्थियों की पहचान सही रहती है, फर्जी लाभार्थियों की रोकथाम होती है और LPG के गलत इस्तेमाल या डायवर्जन को भी रोकने में मदद मिलती है।
घर बैठे LPG e-KYC करने का आसान तरीका
- सबसे पहले अपने LPG प्रदाता का आधिकारिक मोबाइल ऐप और आधार फेसआरडी (Aadhaar FaceRD) ऐप डाउनलोड करें।
- इसके बाद, अपने LPG कनेक्शन से जुड़े मोबाइल नंबर की मदद से ऐप में रजिस्टर या लॉग-इन करें।
- लॉग-इन करने के बाद ऐप में दिए गए e-KYC विकल्प पर क्लिक करें और अपना आधार नंबर दर्ज करें।
- इसके बाद प्रमाणीकरण (Authentication) के लिए अनुमति दें।
- अब आपको Aadhaar FaceRD ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करना होगा।
- जैसे ही आपका चेहरा सफलतापूर्वक वेरिफाई हो जाएगा, सिस्टम आपको e-KYC पूरा होने की पुष्टि दे देगा।
इस प्रक्रिया के पूरा होते ही आपका LPG कनेक्शन अपडेट हो जाएगा और आपको आगे किसी तरह की दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा।
















