मणिपुर में मंगलवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। यह झटका दोपहर 12:08 बजे आया। भूकंप के दौरान मणिपुर विधानसभा में चल रहे बजट सत्र को 5 मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।
सत्र के दौरान कांग्रेस विधायक दल के नेता के. मेघचंद्र ‘जल जीवन मिशन’ पर चर्चा कर रहे थे। झटके महसूस होते ही उन्होंने तुरंत अपना भाषण रोक दिया। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष थोकचोम सत्यब्रत सिंह ने 60 सदस्यों वाले सदन को 5 मिनट के लिए स्थगित कर दिया। बाद में सत्र फिर से सामान्य रूप से शुरू हुआ।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.3 रही और इसका केंद्र मणिपुर के कामजोंग जिले में 45 किमी गहराई पर था। शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी भी इमारत को नुकसान या किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
गौरतलब है कि मणिपुर में 4 जनवरी, 2016 को 6.7 तीव्रता का एक बड़ा भूकंप आया था, जिसमें 8 लोगों की मौत हुई थी। उस समय कई घरों और इमारतों को नुकसान पहुंचा था, जिनमें इम्फाल का मशहूर ‘इमा कैथेल’ भी शामिल था।
















