जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी घोषित होने के बाद पार्टी में असंतोष बढ़ता जा रहा है। पहले 11 पदाधिकारियों ने इस्तीफा देकर नाराजगी जताई थी, वहीं अब दो और मंडल अध्यक्षों ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है।
कांग्रेस की कन्दरी मंडल अध्यक्ष लालसाय मिंज ने प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को भेजे पत्र में गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि जिलाध्यक्ष ने अपनी कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को जिम्मेदारी दी है, जिन्होंने लोकसभा, विधानसभा और स्थानीय चुनावों में पार्टी का विरोध कर भाजपा का साथ दिया था।
वहीं, इदरी कला मंडल की अध्यक्ष असमीता टोप्पो ने भी प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा भेजते हुए नियुक्तियों पर सवाल उठाए हैं और इसी तरह के आरोप लगाए हैं। लगातार हो रहे इस्तीफों से साफ है कि जिला कांग्रेस में अंदरूनी कलह बढ़ती जा रही है। अब देखना होगा कि प्रदेश नेतृत्व इस स्थिति को कैसे संभालता है और संगठन को एकजुट करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैँ।

















