छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का आज 13वां दिन कई अहम मुद्दों के साथ काफी गरम रहने की संभावना है। सदन में जंबूरी से जुड़ी अनियमितताओं और स्कूलों के युक्तियुक्तकरण (रैशनलाइजेशन) जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी, जिस पर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस हो सकती है।
आज के सत्र में जंबूरी से जुड़े कथित गड़बड़ियों का मुद्दा उठेगा। वहीं, स्कूलों के रैशनलाइजेशन को लेकर भी चर्चा होगी, जो पहले से ही विवादों में है। विपक्ष इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी में है, जबकि सरकार अपनी नीतियों का बचाव करती नजर आएगी।
मंत्रियों से पूछे जाएंगे अहम सवाल
सत्र के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, मंत्री लखन लाल देवांगन और अरुण साव सदस्यों के सवालों का जवाब देंगे। शिक्षा और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
अवैध पेड़ कटाई का मुद्दा भी गूंजेगा
ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के तहत भानुप्रतापपुर वन मंडल क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई और भारी वाहनों के संचालन का मामला भी सदन में उठेगा। इस मुद्दे को बीजेपी विधायक विक्रम उसेंडी उठाएंगे और सरकार से जवाब मांगा जाएगा। साथ ही तकनीकी शिक्षा क्षेत्र में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाया जाएगा।
याचिकाएं और विधेयकों पर होगा फैसला
सत्र के दौरान विधायक रिकेश सेन, सुशांत शुक्ला, मोतीलाल साहू और इंद्रशाह मांडवी अपनी याचिकाएं पेश करेंगे। इसके अलावा चार संशोधन विधेयकों को भी पारित किया जा सकता है, जिससे कई नीतिगत बदलावों का रास्ता साफ होगा।
बजट सत्र का यह दिन इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि शिक्षा, वन और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े कई संवेदनशील मुद्दे एक साथ सदन में उठेंगे। ऐसे में आज की कार्यवाही पर पूरे प्रदेश की नजर बनी रहेगी।















