बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के रेल यात्रियों को एक बार फिर झटका लगा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने मेंटेनेंस कार्य के चलते कई ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। 4 अप्रैल से 26 अप्रैल तक कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, इस दौरान 14 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि 7 ट्रेनें अपने गंतव्य से पहले ही समाप्त कर दी जाएंगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के रूट और समय में भी आंशिक बदलाव किया गया है।
बताया गया है कि गोंदिया रेलवे स्टेशन पर लाइन नंबर-5 में तकनीकी कार्य किया जाएगा। यहां वॉशेबल एप्रन को हटाकर बैलेस्टेड ट्रैक में बदला जाएगा। इसी वजह से कुछ समय के लिए रेल यातायात प्रभावित रहेगा।
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, यह काम ट्रैक की गुणवत्ता और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए किया जा रहा है, ताकि आगे चलकर ट्रेनों का संचालन ज्यादा सुरक्षित और सुचारु हो सके।
यात्रियों को सलाह दी गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर चेक कर लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके।
















