भारतीय रेलवे ने तकनीकी कार्य और मेंटेनेंस के कारण 8 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। रेलवे प्रशासन के मुताबिक हथबंद-भाटापारा सेक्शन में लेवल क्रॉसिंग संख्या 389 पर रोड अंडर ब्रिज निर्माण के लिए गर्डर लॉन्चिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए 21 मार्च रात 11 बजे से 22 मार्च तड़के 3 बजे तक करीब 4 घंटे का ब्लॉक लिया जाएगा।
इस दौरान 8 ट्रेनों को पूरी तरह रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों को बीच रास्ते में ही समाप्त किया जाएगा। अचानक लिए गए इस फैसले से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
22 मार्च को रायपुर-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू, गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू, बिलासपुर-रायपुर मेमू, कोरबा-रायपुर पैसेंजर और रायपुर-इतवारी पैसेंजर रद्द रहेंगी। वहीं 23 मार्च को इतवारी-रायपुर और रायपुर-बिलासपुर पैसेंजर ट्रेन भी रद्द रहेगी।
कुछ ट्रेनें बीच में ही होंगी समाप्त
गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू पैसेंजर बिलासपुर से ही रवाना होगी और गोंदिया के बीच का सफर रद्द रहेगा। वहीं झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू पैसेंजर को बिलासपुर में ही समाप्त किया जाएगा।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति जरूर जांच लें, ताकि किसी तरह की असुविधा से बचा जा सके। प्रशासन का कहना है कि ऐसे तकनीकी कार्य यात्रियों की सुरक्षा के लिए जरूरी होते हैं, भले ही इससे कुछ समय के लिए सेवाएं प्रभावित होती हैं।
















