कांकेर, 26 मार्च 26। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में छह माओवादियों ने सुरक्षाबलों के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों के मुताबिक, पिछले दो दिनों में राजनांदगांव-कांकेर बॉर्डर डिवीजन से जुड़े पांच माओवादी—मंगेश पोडियमी, गणेश वीके, मंगती जुर्री, हिडमे मरकाम उर्फ सुनीता और राजे—साथ ही मिलिट्री कंपनी नंबर-5 से जुड़े पार्टी कमेटी सदस्य स्वरूपा उसेंडी ने सरेंडर किया।
बताया गया कि आत्मसमर्पण करने वाले इन माओवादियों ने तीन हथियार भी जमा किए हैं, जिनमें एक एसएलआर और दो .303 राइफल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, इन माओवादियों को मुख्यधारा में शामिल करने और पुनर्वास से जुड़ी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने की अपील
बस्तर रेंज के आईजी सुन्दरराज पी ने अन्य माओवादी कैडरों से हिंसा छोड़कर आत्मसमर्पण करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जो लोग शांतिपूर्ण जीवन जीना चाहते हैं, उन्हें सरकार की पुनर्वास नीति के तहत पूरी मदद दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि पिछले 26 महीनों में 2700 से ज्यादा माओवादी आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट चुके हैं।
वरिष्ठ कमांडर ने भी किया सरेंडर
बुधवार को बस्तर मुख्यालय जगदलपुर में वरिष्ठ माओवादी कमांडर पापा राव ने 17 अन्य कैडरों के साथ ‘पूना मारगेम – पुनर्वास से पुनर्जीवन’ अभियान के तहत आत्मसमर्पण किया था।
इस पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पापा राव के सरेंडर के बाद राज्य में कोई बड़ा माओवादी नेता सक्रिय नहीं बचा है। उन्होंने भरोसा जताया कि 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त हो सकता है।
















