लद्दाख के लेह में शुक्रवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। National Center for Seismology के मुताबिक, रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.9 रही। भूकंप सुबह 8 बजकर 31 मिनट पर आया। फिलहाल किसी नुकसान की खबर सामने नहीं आई है।
वहीं Nepal के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित सुदूरपश्चिम प्रांत में भी बीते दिन सुबह हल्के झटके महसूस किए गए। National Earthquake Monitoring and Research Center के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.0 दर्ज की गई और झटके सुबह 8 बजकर 32 मिनट पर महसूस हुए। इसका केंद्र दार्चुला जिले के मुरई क्षेत्र के पास था। इसके असर बैतड़ी और बझांग जिलों में भी महसूस किए गए।
उधर, गुजरात के सौराष्ट्र क्षेत्र में स्थित Rajkot में मंगलवार शाम भूकंप के हल्के झटके आए। Institute of Seismological Research के मुताबिक, इसकी तीव्रता 3.2 रही। झटका शाम 5 बजकर 41 मिनट पर दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र राजकोट से करीब 7 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम दिशा में 15 किलोमीटर की गहराई पर था। स्थानीय लोगों के अनुसार, झटके इतने हल्के थे कि कई लोगों को इसका एहसास भी नहीं हुआ।
इससे पहले सोमवार को भी नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया था। दोपहर 1 बजकर 14 मिनट पर आए इस भूकंप का केंद्र बझांग जिले के रायल क्षेत्र के पास जमीन के भीतर था। झटके महसूस होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए और खुले स्थानों की ओर भागे। पड़ोसी जिलों बाजुरा और बैतड़ी में भी इसका असर देखा गया।
गौरतलब है कि नेपाल का सुदूरपश्चिम क्षेत्र पिछले कुछ दिनों से लगातार भूकंप की गतिविधियों का केंद्र बना हुआ है। इससे पहले 17 मार्च को भी दार्चुला जिले के सीतौला क्षेत्र में 4.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। फिलहाल सभी जगह स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
















