गुजरात के अमरेली जिले में रविवार को भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 3.1 दर्ज की गई। राहत की बात यह रही कि इस भूकंप से किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
कहां था भूकंप का केंद्र?
गांधीनगर स्थित भूकंपीय अनुसंधान संस्थान के मुताबिक, यह झटका शाम करीब 4:10 बजे दर्ज किया गया। भूकंप का केंद्र सौराष्ट्र क्षेत्र में अमरेली से करीब 42 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व दिशा में था, जिसकी गहराई जमीन से लगभग 11.6 किलोमीटर नीचे बताई गई।
राजकोट में भी महसूस हुए झटके
अधिकारियों के अनुसार, इस भूकंप से कहीं भी नुकसान या किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। इससे पहले मंगलवार को सौराष्ट्र के राजकोट जिले में भी 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था।
लगातार आ रहे हैं हल्के झटके
स्थानीय विधायक महेश कसवाला ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से अमरेली जिले में बार-बार हल्के भूकंप के झटके महसूस किए जा रहे हैं। मित्याला गांव के सरपंच ने भी रविवार के झटके को थोड़ा तेज बताया।
महेश कसवाला के अनुसार, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अमरेली में जांच के लिए विशेषज्ञों की टीम भेजने का आश्वासन दिया है।
















