ईरान पर ताजा हमलों के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजार ने फिर कमजोर शुरुआत की। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार के दोनों प्रमुख इंडेक्स करीब 1.25 प्रतिशत की गिरावट के साथ खुले। BSE Sensex 1018 अंक (1.38%) टूटकर 72,565.22 पर खुला, जबकि Nifty 50 269.95 अंक (1.18%) गिरकर 22,549.65 के स्तर पर कारोबार शुरू हुआ। गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को भी बाजार बड़ी गिरावट के साथ बंद हुआ था।
सभी 30 सेंसेक्स शेयर लाल निशान में
सोमवार को सेंसेक्स की सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट के साथ खुले। वहीं, निफ्टी 50 में सिर्फ 2 शेयर ही बढ़त में रहे, जबकि बाकी 48 स्टॉक्स नुकसान में खुले। सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल Eternal Limited के शेयर सबसे ज्यादा करीब 2.96 प्रतिशत टूटे।
इन शेयरों में दिखी ज्यादा गिरावट
शुरुआती कारोबार में Axis Bank 2.69%, Kotak Mahindra Bank 2.08%, State Bank of India 2.05%, HDFC Bank 2.00% और Bharti Airtel 1.95% तक गिरकर खुले।
इसके अलावा Bajaj Finance, Mahindra & Mahindra, UltraTech Cement, Adani Ports, Larsen & Toubro, Infosys, Tata Steel और Reliance Industries समेत ज्यादातर बड़े शेयर भी गिरावट के साथ कारोबार करते दिखे।
ग्लोबल तनाव और पिछले हफ्ते की कमजोरी का असर सोमवार को भी बाजार पर साफ नजर आया।
















