कर्नाटक के शिवमोग्गा जिले में एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे कई लोगों की जान बच गई। यहां एक प्राइवेट बस अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। बस में 40 से ज्यादा यात्री सवार थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई। हालांकि, 10 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।
कैसे हुआ हादसा?
यह घटना शिवमोग्गा जिले के भद्रावती तालुका के वीरापुरा गांव के कागेहल्ला इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, बस अचानक बेकाबू होकर पुल की रेलिंग से टकराई और नीचे जा गिरी। गनीमत रही कि बड़ा नुकसान नहीं हुआ। यह बस दावणगेरे जिले के चन्नागिरी से भद्रावती की ओर जा रही थी।
10 से ज्यादा यात्री घायल
हादसे में 10 से अधिक यात्रियों के घायल होने की खबर है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को भद्रावती तालुका अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला भद्रावती ग्रामीण पुलिस थाने के तहत आता है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
















