सूरत के लिंबायत इलाके के मीठी खाड़ी क्षेत्र में मंगलवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां एक दो मंजिला मकान में आग लगने से एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 11 बजे घर के ग्राउंड फ्लोर पर खाना बनाते समय सिलेंडर से गैस लीक हो गई, जिससे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और घर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
बताया जा रहा है कि यह मकान ग्राउंड प्लस दो मंजिला था और परिवार घर में ही साड़ियों पर डिजाइनिंग और सिलाई का काम करता था। आग तेजी से फैलते हुए घर में रखी साड़ियों और केमिकल के ड्रम तक पहुंच गई, जिससे लपटें और तेज हो गईं।
कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत आग की चपेट में आ गई और इलाके में धुएं का गुबार छा गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया।
जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक घर के सभी सदस्य बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तुरंत एंबुलेंस के जरिए सूरत के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों के नाम
- 65 वर्षीय शहनाज बेगम अंसारी
- 18 वर्षीय हुसैना बेगम अंसारी
- 28 वर्षीय शबीना रमजान अंसारी
- 19 वर्षीय खुशनुमा अब्दुल अंसारी
- 4 वर्षीय मासूम सुभान रमजान अंसारी
आग फैलने का मुख्य कारण
परिवार घर के अंदर ही साड़ियों पर अलग अलग कलत की स्टिच लगाने का काम करता था। सूरत में ज्यादातर पॉलिएस्टर की शादी का उत्पादन होता है, जिसमें केमिकल ओर ऑयल का उपयोग होता है। ऑयल ओर केमिकल की वजह से आग ने फौरन बड़ा रूप ले लिया और किसी को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। सुबह 11 बजे का वक्त होने के कारण घर में कोई पुरुष मौजूद नहीं था, सिर्फ महिलाएं थी।
















