उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार शाम एयर इंडिया एक्सप्रेस के एक विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल से धुआं निकलने के बाद पायलट ने तुरंत आपात स्थिति घोषित करते हुए विमान को लखनऊ की ओर मोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक यह फ्लाइट पश्चिम बंगाल के बागडोगरा (सिलीगुड़ी) से दिल्ली जा रही थी। उड़ान के दौरान ही कॉकपिट के इलेक्ट्रिक पैनल (एवियोनिक्स बे) से धुआं दिखाई देने लगा, जिसके बाद पायलट ने ‘मे डे’ कॉल जारी किया। यह एक अंतरराष्ट्रीय आपात संकेत होता है, जिसका इस्तेमाल गंभीर स्थिति में किया जाता है।
एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को तुरंत अलर्ट किया गया और विमान को लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारने की अनुमति दी गई। फ्लाइट शाम करीब 5:18 बजे सुरक्षित रूप से लैंड कर गई।
विमान में चालक दल के 6 सदस्यों समेत कुल 148 लोग सवार थे। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
लैंडिंग के बाद एयरलाइन ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए। कुछ यात्रियों को दूसरी फ्लाइट्स से उनके गंतव्य तक भेजा गया, जबकि कुछ को रिफंड और होटल में ठहरने की सुविधा भी दी गई।
















