WhatsApp के यूजर्स के लिए Meta ने नई चेतावनी जारी की है। कंपनी ने हाल ही में एक नया स्कैम और फ्रॉड प्रोटेक्शन टूल रोलआउट किया है। यह टूल तब एक्टिव हो जाता है, जब किसी यूजर का अकाउंट नए डिवाइस में लॉग-इन होता है और तुरंत वॉर्निंग देता है।
कंपनी ने बताया कि हैकर्स लगातार नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। हाल ही में फर्जी WhatsApp ऐप के जरिए 200 से ज्यादा Android और iPhone यूजर्स को टारगेट किया गया है।
फर्जी WhatsApp ऐप से खतरा
Meta के मुताबिक, WhatsApp के नकली वर्जन का पता चला है, जिसे इटली की कंपनी Asigint ने तैयार किया है। इस फर्जी ऐप के जरिए यूजर्स के डिवाइस को निशाना बनाया जा रहा है। साइबर अपराधी सोशल इंजीनियरिंग के जरिए लोगों को जाल में फंसाकर उनकी निजी जानकारी और चैट्स तक पहुंच बना लेते हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, इस ऐप से यूजर्स के फोन को रिमोट एक्सेस किया जा सकता है, जिससे बैंकिंग ऐप्स तक भी पहुंच संभव हो जाती है। हालांकि, Meta ने साफ किया है कि आधिकारिक WhatsApp ऐप पूरी तरह सुरक्षित है और इसमें कोई खामी नहीं पाई गई है।
कहां से डाउनलोड करें WhatsApp?
यूजर्स को हमेशा WhatsApp को आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करना चाहिए। Android यूजर्स Google Play Store से और iPhone यूजर्स Apple App Store से ऐप डाउनलोड करें। साथ ही, Android फोन में Play Protect फीचर ऑन रखना जरूरी है, ताकि फर्जी ऐप्स से बचा जा सके।
ध्यान रखें कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, क्योंकि इनमें वायरस या मैलवेयर हो सकता है।















