कांकेर जिले के जंगल-पहाड़ी इलाके में सुरक्षाबलों ने एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। ग्राम मुरूसुलनापा क्षेत्र में पुलिस और Border Security Force (BSF) की संयुक्त टीम ने 2 प्रेशर कुकर IED बरामद कर उन्हें सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज किया।
यह कार्रवाई बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुन्दरराज पी. के मार्गदर्शन और अधिकारियों के नेतृत्व में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान के तहत की गई। थाना परतापुर क्षेत्र के कांकेर-नारायणपुर बॉर्डर के जंगलों में शुक्रवार को सर्चिंग के दौरान ये विस्फोटक मिले।
सुरक्षाबलों ने बताया कि दोनों IED करीब 5-5 किलो के थे और इन्हें नक्सलियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से पहले ही प्लांट किया था। समय रहते इन्हें खोजकर निष्क्रिय कर दिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सर्चिंग अभियान तेज
घटना के बाद इलाके में सर्चिंग ऑपरेशन और तेज कर दिया गया है। सुरक्षाबल लगातार नक्सली गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए अभियान जारी है।
लोगों का बढ़ रहा भरोसा
जिला पुलिस और BSF की टीमें लगातार सर्चिंग, एरिया डोमिनेशन और डिमाइनिंग ऑपरेशन चला रही हैं। इन अभियानों का मकसद नक्सलियों की गतिविधियों पर लगाम लगाना और पहले से लगाए गए विस्फोटकों को खोजकर निष्क्रिय करना है।
पिछले कुछ समय में सुरक्षाबलों ने तकनीक और खुफिया जानकारी की मदद से कई IED बरामद कर उन्हें निष्क्रिय किया है। इससे इलाके में सुरक्षा मजबूत हुई है और लोगों का भरोसा भी बढ़ा है।
















