केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में बम होने की सूचना मिली। एहतियात के तौर पर फ्लाइट को तुरंत खाली कराया गया।
टिशू पेपर पर मिला धमकी भरा नोट
यह घटना शाम करीब 7 बजे की है, जब फ्लाइट उड़ान भरने की तैयारी में थी। अधिकारियों के मुताबिक, एक यात्री को फ्लाइट के वॉशरूम में टिशू पेपर पर लिखा नोट मिला, जिसमें विस्फोटक होने की बात कही गई थी। इसके बाद यात्री ने तुरंत केबिन क्रू को सूचना दी।
फ्लाइट में चला सर्च ऑपरेशन
सूचना मिलते ही फ्लाइट में हड़कंप मच गया। नियमों के तहत पायलट ने तुरंत एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को जानकारी दी। इसके बाद सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरी फ्लाइट की सघन तलाशी ली गई।
तलाशी में नहीं मिला कुछ संदिग्ध
लंबी जांच के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने इस सूचना को अफवाह बताया। फ्लाइट में कोई भी संदिग्ध या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली। इसके बाद फ्लाइट को कुछ देर की देरी से रवाना किया गया और वह सुरक्षित अपने गंतव्य तक पहुंच गई।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां इस मामले की जांच कर रही हैं और उस व्यक्ति की पहचान करने की कोशिश में जुटी हैं, जिसने यह धमकी भरा नोट लिखा था।
















