मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 29 अगस्त को हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती और राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर राज्य के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को सम्मानित करेंगे। राजधानी रायपुर के पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में शाम 4 बजे से राज्य खेल अलंकरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
समारोह में मुख्यमंत्री 82 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को राज्य खेल अलंकरण प्रदान करेंगे। इसके अलावा 5 टीमों के 43 खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को मुख्यमंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया जाएगा।
इन पुरस्कारों से सम्मानित होंगे खिलाड़ी
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अनुसार, वर्ष 2023-24, 2024-25 और 2025-26 के लिए कुल 125 उत्कृष्ट खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और निर्णायकों को पुरस्कार और सम्मान दिए जाएंगे। इनमें शहीद राजीव पाण्डेय पुरस्कार, शहीद कौशल यादव पुरस्कार, वीर हनुमान सिंह पुरस्कार, शहीद पंकज विक्रम सम्मान, शहीद विनोद चौबे सम्मान और मुख्यमंत्री ट्रॉफी शामिल हैं।
कई जनप्रतिनिधि भी होंगे शामिल
राज्य खेल अलंकरण समारोह की अध्यक्षता उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव करेंगे। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इसके अलावा राज्य मंत्रिमंडल के सभी सदस्य, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, रायपुर जिले के विधायक, महापौर मीनल चौबे और जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन कुमार अग्रवाल भी समारोह में मौजूद रहेंगे।














