भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्टम को ज्यादा पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने के लिए नए नियम लागू किए हैं। 5 जनवरी से जिन यात्रियों ने अपने IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक नहीं किया है, वे रिजर्वेशन खुलने के पहले दिन सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक टिकट बुक नहीं कर पाएंगे।

यह नियम केवल उन्हीं ट्रेनों पर लागू होगा जिनकी बुकिंग यात्रा तिथि से 60 दिन पहले शुरू होती है। इसका उद्देश्य आम यात्रियों को टिकट बुकिंग में प्राथमिकता देना है।
रेल मंत्रालय ने इस व्यवस्था को चरणबद्ध तरीके से लागू किया है ताकि यात्रियों को नए नियमों के अनुरूप ढलने का समय मिल सके। पहला चरण 29 दिसंबर से शुरू किया गया था, दूसरा चरण 5 जनवरी से लागू हो चुका है, जबकि तीसरा चरण 12 जनवरी से प्रभावी होगा।

पहला फेज: 29 दिसंबर से बिना आधार वाले यूजर्स सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक बुकिंग से वंचित रहे।
दूसरा फेज: 5 जनवरी से प्रतिबंध सुबह 8 से शाम 4 बजे तक जारी रहेगा।
तीसरे फेज: 12 जनवरी से सुबह 8 बजे से आधी रात तक ऐसे अकाउंट्स से टिकट बुकिंग पूरी तरह बंद हो जाएगी।
इन बदलावों का उद्देश्य शुरुआती घंटों में सिस्टम पर दबाव कम करना है।

फर्जी बुकिंग पर लगेगी लगाम
रेलवे का यह कदम मुख्य रूप से फर्जी अकाउंट्स और दलालों द्वारा की जाने वाली बुकिंग को रोकने के लिए है। ओपनिंग डे पर अधिक से अधिक ओरिजिनल यात्रियों को कन्फर्म टिकट उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
इससे कदम से आम आदमी को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर समान अवसर मिलेगा।साथ ही सॉफ्टवेयर-आधारित हेराफेरी पर लगाम लगेगा।
जनरल रिजर्वेशन बुकिंग के नए नियम से जुड़े अहम सवाल
क्यों लाया गया यह नियम?
टिकट दलालों और फर्जी सॉफ्टवेयर पर लगाम लगाने के लिए रेलवे ने बड़ा कदम उठाया है। इसके जरिये ओपनिंग डे पर आम यात्रियों को कन्फर्म टिकट आसानी से मिल सकेगी।
शुरुआती 4 घंटों में अब एजेंट्स टिकट बुक नहीं कर पाएंगे। आम यूजर्स के पास बुकिंग का पूरा मौका होगा।
कैसे काम करेगा आधार?
इसके लिए आपको अपने IRCTC अकाउंट आधार से लिंक करना होगा। इसके तहत बुकिंग करते समय आपके रजिस्टर्ड मोबाइल पर एक OTP आएगा, जिसे डालने के बाद ही आपका टिकट कन्फर्म होगा।
क्या बिना आधार नहीं बुक होगी टिकट?
बिना आधार लिंक वाले यूजर्स शुरुआती 4 घंटों में टिकट बुक नहीं कर सकेंगे। इसके बाद ही उन्हें अवसर दिया जाएगा।
काउंटर से टिकट लेने पर भी बदले हैं नियम?
हां, काउंटर से भी टिकट लेने के दौरान OTP जरूरी है। ध्यान रहे कि आपका मोबाइल नंबर आधार से लिंक होना चाहिए। अगर किसी और के लिए टिकट ले रहे हैं, तो उसका आधार और OTP भी जरूरी होगा।
कैसे कराएं IRCTC पर आधार से लिंक?
इसके लिए आपको IRCTC एप या वेबसाइट पर लॉग-इन करना होगा । इसके बाद ‘My Profile’ सेक्शन में जाकर ‘Aadhaar KYC’ का विकल्प चुनना होगा और डिटेल्स अपडेट करनी होगी। इसके बाद आपका आधार कार्ड, IRCTC से लिंक हो जाएगा।
कहां मिलेगी मदद?
बुकिंग या OTP की समस्या के लिए आप IRCTC के हेल्पलाइन नंबर (139) पर कॉल कर सकते हैं। अगर आधार में कोई समस्या आ रही हो तो आप UIDAI की हेल्पलाइन नंबर (1947) पर कॉल कर सकते हैं। इसके अलावा आप नजदीकी रेलवे स्टेशन के काउंटर से भी मदद ले सकते हैं।
क्या है 60 दिन का नियम?
पहले आप यात्रा से 120 दिन यानी 4 महीने पहले टिकट बुक कर सकते थे, लेकिन 1 नवंबर 2024 से रेलवे ने इसे घटाकर 60 दिन (2 महीने) कर दिया था। इसका मतलब है कि ट्रेन छूटने की तारीख से अधिकतम 60 दिन पहले ही रिजर्वेशन मिलेगा।इसमें यात्रा का दिन शामिल नहीं होता।















