आंध्र प्रदेश के कोनासीमा जिले में ONGC के एक सक्रिय तेल कुएं से भारी मात्रा में गैस रिसाव की घटना सामने आई है। इस हादसे से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब कुछ देर के लिए प्रोडक्शन बंद करने के बाद वर्कओवर रिग के जरिए कुएं की मरम्मत की जा रही थी।
मरम्मत के दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसके बाद कच्चे तेल के साथ मिश्रित गैस बड़े पैमाने पर बाहर निकलने लगी और हवा में काफी ऊंचाई तक फैल गई। यह तेल कुआं कोनासीमा जिले के राजोल क्षेत्र के इरुसुमंडा गांव में स्थित है।
गैस लीक के बाद लगी आग
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, लीक हुई गैस में तुरंत आग लग गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए। आग और धुएं का घना गुबार सुमंडा सहित आसपास के इलाकों में कोहरे की तरह फैल गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन आसपास के गांवों को खाली करवा दिया।
कई लोग पहले ही अपने घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर निकल गए। ग्रामीण अपने मवेशियों को भी साथ ले गए। प्रशासन ने लोगों को बिजली का उपयोग न करने, किसी भी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को चालू न करने और चूल्हा न जलाने की सख्त हिदायत दी है।
ONGC की टीमें मौके पर मौजूद हैं और गैस रिसाव पर काबू पाने के साथ-साथ आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं। अधिकारियों ने पूरे क्षेत्र को घेराबंदी में लेकर हालात पर लगातार नजर बनाए रखी है। लोगों की सुरक्षा को लेकर सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
















