Cyclone Akvan: एक के बाद एक दो चक्रवात अर्नब और मुरासु ने आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में जनजीवन को प्रभावित किया. अब बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान दस्तक देने की तैयारी में है. इसका नाम अकवान (Akvan) रखा जाएगा. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के ताजा अनुमान के मुताबिक, यह सिस्टम 19 नवंबर की रात तक आंध्र प्रदेश के तट के करीब पहुंच सकता है. इसके बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है. ऐसे में तटीय राज्यों में एक बार फिर भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बढ़ गया है.
19 नवंबर की रात आंध्र तट से टकरा सकता है अकवान
IMD के 16 नवंबर की सुबह जारी पूर्वानुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम हिस्से में बना गहरा दबाव तेजी से आगे बढ़ रहा है. 16 नवंबर की सुबह यह विशाखापत्तनम से करीब 820 किलोमीटर दक्षिण और चेन्नई से लगभग 720 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व में था. मौसम विभाग का अनुमान है कि यह 16 नवंबर की शाम तक चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर की शाम तक गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इसके बाद 19 नवंबर की रात आंध्र प्रदेश के तट के पास बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान के रूप में पहुंचने की संभावना है.
ये भी पढ़ें: Ott Release This Week: क्वीन’ से लेकर ‘तीन तिगाड़ा’ तक, इस हफ्ते OTT पर रिलीज होंगी ये फिल्में और सीरीज
120-130 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 19 नवंबर को तूफान की अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 115-125 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. 20 नवंबर की सुबह यह बढ़कर 120-130 किलोमीटर प्रति घंटा हो सकती है, जबकि हवा के झोंके 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि तूफान किस जगह लैंडफॉल करेगा. इसलिए इसे लेकर किसी खास जिले या शहर को संभावित लैंडफॉल स्थल बताना जल्दबाजी होगी.
किन राज्यों में होगी भारी बारिश?
IMD ने आंध्र प्रदेश, ओडिशा और तमिलनाडु के तटीय इलाकों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है. तटीय आंध्र प्रदेश में 19 और 20 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी से बहुत भारी बारिश और उत्तरी तटीय हिस्सों में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश हो सकती है. ओडिशा में 19 से 21 नवंबर तक भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. वहीं, उत्तर तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 18 और 19 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. IMD ने पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों में भी 19 और 20 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश का अनुमान जताया है.
ये भी म्म
चक्रवात अर्नब ने आंध्र और ओडिशा में मचाई थी तबाही
अकवान से पहले चक्रवात अर्नब ने 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम तट पर दस्तक दी थी. लैंडफॉल के समय इसकी अधिकतम निरंतर हवा की रफ्तार 125-135 किलोमीटर प्रति घंटा थी और झोंके 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचे थे. इस तूफान में आंध्र प्रदेश में कम से कम तीन लोगों की मौत हुई थी. करीब 1.8 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था. तेज हवाओं और बारिश से घरों, सड़कों, बिजली के ढांचे और फसलों को नुकसान पहुंचा था. ओडिशा के दक्षिणी जिलों में भी भारी बारिश, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने तथा फसलों को नुकसान पहुंचने की खबरें सामने आई थीं.
किस देश ने रखा नाम?
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बनने वाले चक्रवातों के नाम WMO और ESCAP के क्षेत्रीय पैनल की सूची के अनुसार रखे जाते हैं. इस सूची में 13 सदस्य देशों के नाम शामिल हैं. विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) की आधिकारिक सूची के मुताबिक, अकवान नाम ईरान ने दिया है. यह नाम फारसी महाकाव्य ‘शाहनामा’ के अकवान दिव नामक पौराणिक पात्र से भी जुड़ा है. किसी सिस्टम को चक्रवाती तूफान की निर्धारित तीव्रता मिलने पर उसे सूची के क्रम के अनुसार नाम दिया जाता है.
अभी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखना जरूरी
Cyclone Akvanअकवान को लेकर IMD ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट के लिए प्री-साइक्लोन वॉच जारी की है. मछुआरों को समुद्र में न जाने और तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की सलाह पर ध्यान देने को कहा गया है. तूफान की दिशा, तीव्रता और तट से दूरी में बदलाव संभव है. इसलिए लैंडफॉल की जगह और समय को लेकर अंतिम जानकारी के लिए IMD के अगले बुलेटिन का इंतजार करना जरूरी है
















