रायगढ़।औद्योगिक क्षेत्र किरोड़ीमल नगर के वार्ड क्रमांक 09 में मजदूरी को लेकर उपजा विवाद सोमवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। गैलवे कंपनी में कार्यरत बाहरी मजदूरों ने स्थानीय निवासी गोविंद राम नेताम और उनके पुत्र छवि नेताम पर महाराजा गेट बंद कर जानलेवा हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतरारोड़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के प्रयास के तहत प्रकरण दर्ज कर घटना में शामिल सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार घटना की शुरुआत तब हुई, जब पीड़ित गोविंद राम का पुत्र छवि नेताम घबराया हुआ घर पहुंचा और बताया कि मोहल्ले में किराये पर रह रहे कुछ युवक उस पर जबरन मजदूरी करने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर युवकों ने उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता की।

इसके बाद गोविंद राम नेताम अपने पुत्र के साथ युवकों से बात कर मामला सुलझाने उनके ठिकाने पहुंचे। इसी दौरान आरोपियों ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर दिया और हत्या की नीयत से पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। हमले में मुख्य आरोपी बुधमन उरांव ने डंडे से गोविंद राम के सिर पर वार किया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक मोहन भारद्वाज के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित दबिश देकर झारखंड निवासी सभी आठ आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों में बुधमन उरांव, अशोक उरांव, कार्तिक उरांव, प्रकाश गोप, मनोज उरांव, मंगलदीप उरांव, अरुण करमाली और दीपक उरांव शामिल हैं।

कोतरारोड़ पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों को सख्त संदेश मिला
















