राजधानी दिल्ली के तुर्कमान गेट इलाके में फैज-ए-इलाही मस्जिद के समीप अतिक्रमण के खिलाफ बुधवार तड़के बड़ा प्रशासनिक अभियान चलाया गया। दिल्ली नगर निगम (MCD) की टीम ने रामलीला मैदान के पास स्थित इस क्षेत्र में अवैध निर्माण हटाने के लिए बुलडोजर एक्शन किया। यह कार्रवाई दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद की गई।
अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर करीब 17 बुलडोजर तैनात किए गए थे। अभियान के दौरान अवैध ढांचों को गिराया जा रहा था, इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध करते हुए पथराव शुरू कर दिया, जिससे इलाके में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए।

सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम, इलाका नौ जोन में बांटा गया
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान से पहले ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे। पूरे इलाके को नौ जोन में विभाजित किया गया था और हर जोन की जिम्मेदारी अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (एडिशनल डीसीपी) रैंक के अधिकारियों को सौंपी गई थी। सभी संवेदनशील स्थानों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
शरारती तत्वों की पत्थरबाजी, पुलिस ने संभाली स्थिति
दिल्ली पुलिस के अनुसार, अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से पहले शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अमन कमेटी के सदस्यों और स्थानीय लोगों के साथ कई समन्वय बैठकें की गई थीं। इसके बावजूद कुछ शरारती तत्वों ने पत्थरबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। हालांकि पुलिस की तत्परता से हालात पर जल्द ही काबू पा लिया गया। पथराव की घटना में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बनी हुई है और एहतियात के तौर पर सुरक्षा बलों की तैनाती जारी है।
















