आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी और बिगड़े हुए खान-पान की वजह से शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं। इसका असर सिर्फ पाचन पर ही नहीं पड़ता, बल्कि थकावट, गैस-ब्लोटिंग, त्वचा संबंधी परेशानियां और वजन बढ़ने जैसी दिक्कतें भी सामने आ सकती हैं।
इसी कारण समय-समय पर बॉडी डिटॉक्स करना बेहद जरूरी हो जाता है। इस प्रक्रिया में कुछ फल खास तौर पर बहुत फायदेमंद माने जाते हैं। ये फल शरीर में जमे हानिकारक तत्वों को प्राकृतिक तरीके से बाहर निकालने में मदद करते हैं। आइए जानते हैं कि बॉडी में जमा गंदगी को साफ करने के लिए किन फलों (Fruits for Body Detox) को अपनी डाइट में जरूर शामिल करना चाहिए।
बॉडी डिटॉक्स करने के लिए खाएं ये फल
- सेब- सेब में सॉल्यूबल फाइबर पेक्टिन होता है, जो आंतों से गंदगी और टॉक्सिन बाहर निकालता है। यह कोलेस्ट्रॉल लेवल कंट्रोल करता है और पाचन को भी दुरुस्त रखता है।
- पपीता- पपीता में पपेन एंजाइम होता है, जो पाचन को बेहतर बनाता है। इसे नियमित रूप से खाने से कब्ज की समस्या से राहत मिलती है और पेट हल्का महसूस होता है।
- संतरा- संतरे में विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर होते हैं। यह पाचन रस बढ़ाते हैं और शरीर से फ्री-रेडिकल्स तथा टॉक्सिन्स निकालने में सहायक होते हैं।
- अनार- अनार का जूस खून को साफ करता है, टॉक्सिन्स को बाहर निकालता है और शरीर को एनर्जी देता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी होते हैं।
- अमरूद- अमरूद में फाइबर और विटामिन-सी होता है, जो डाइजेस्टिव सिस्टम को मजबूत करता है और पेट की सफाई में मदद करता है। यह कब्ज को दूर रखकर पेट हल्का रखता है।
- अंगूर- अंगूर में रेसवेराट्रॉल और एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो लीवर को साफ करने और शरीर से टॉक्सिन को बाहर निकालने का काम करते हैं। यह डाइजेशन में भी मददगार हैं।
- कीवी- कीवी में फाइबर और विटामिन-सी की मात्रा काफी ज्यादा होती है। यह पाचन को बढ़ावा देता है और आंतों को साफ रखकर पेट हल्का रखता है।
- नाशपाती- नाशपाती में पानी और फाइबर दोनों होते हैं, जो शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालते हैं। यह पाचन सुधारकर ब्लोटिंग और भारीपन की समस्या को कम करता है।
ये फल शरीर की गंदगी साफ करने के साथ-साथ पाचन दुरुस्त रखने, फ्री रेडिकल डैमेज को कम करने और एनर्जी बढ़ाने में भी काफी मदद करते हैं। हालांकि, अगर आपको कोई बीमारी है, तो अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।
(Disclaimer: लेख में उल्लिखित सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य सूचना के उद्देश्य के लिए हैं और इन्हें पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। कोई भी सवाल या परेशानी हो तो हमेशा अपने डॉक्टर से सलाह लें।)
















