रायगढ़, 8 जनवरी 2026/ पुसौर थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अखिलेश सिंह के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर का रहने वाला था और पुसौर ब्लॉक के एक प्लांट में काम करता था।
मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 1 बजे अखिलेश अपने एक साथी के साथ बाइक से चंद्रपुर से रायगढ़ की ओर जा रहा था। बड़े भंडार के पास अचानक उसकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार से आ रहा एक ट्रक बाइक पर चढ़ गया, जिससे अखिलेश का सिर और शरीर गंभीर रूप से कुचल गया। हादसे के मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हालांकि, बाइक पर सवार उसका साथी सुरक्षित रहा और उसे कोई चोट नहीं आई।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने तुरंत पुसौर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आगे कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
















