मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन में गुरुवार शाम भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि वे दूर तक दिखाई दे रही थीं। यह घटना शाम करीब 8:30 बजे कुर्ला और विद्याविहार स्टेशन के बीच हुई। राहत की बात यह रही कि जिस ट्रेन में आग लगी, वह उस समय खाली थी, जिससे किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है।
घाटकोपर-सायन के बीच ओवरहेड वायर की बिजली बंद
जानकारी के अनुसार, कुर्ला और विद्याविहार रेलवे स्टेशन के बीच कचरा ले जा रही एक लोकल ट्रेन के दूसरे कोच में आग लगी थी। आग लगने के चलते मध्य रेलवे की लोकल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं और कई ट्रेनों को रोकना पड़ा। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को मौके पर बुलाया गया, वहीं स्थानीय लोगों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन ने घाटकोपर और सायन स्टेशन के बीच ओवरहेड वायर में करंट पूरी तरह बंद कर दिया।
देरी से चल रही हैं लोकल ट्रेनें
करीब रात 9 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे ट्रेनों की आवाजाही बहाल की गई। हालांकि घटना के असर से अब भी कई लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हो रही है। आग लगने की घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आग की ऊंची लपटें दूर तक दिखाई दे रही हैं। इस दौरान सेंट्रल रेलवे के विद्याविहार स्टेशन से छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस की ओर जाने वाली स्लो लोकल ट्रेन सेवाएं कुछ समय के लिए बंद रहीं।
















