पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हलचल तेज होती जा रही है, और इसी बीच राज्य से एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस को जान से मारने की धमकी ईमेल के जरिए गुरुवार को प्राप्त हुई। घटना के सामने आने के बाद पुलिस हाई अलर्ट पर है और राज्यपाल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
धमकी में कहा गया “उड़ा देंगे”
सूत्रों के मुताबिक, ईमेल भेजने वाले ने राज्यपाल को “उड़ा देने” की धमकी दी है। लोक भवन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर की जानकारी भी ईमेल में दी है। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीजीपी को सूचित किया गया है और आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएम और केंद्रीय गृह मंत्रालय को सूचना
लोक भवन के अधिकारियों ने बताया कि इस धमकी के बारे में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी सूचित किया गया है। इसके अलावा घटना की जानकारी केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी दे दी गई है। राज्यपाल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य पुलिस और सीआरपीएफ मिलकर काम कर रहे हैं।
राज्यपाल की सुरक्षा Z+ कैटेगरी में
जानकारी के अनुसार, राज्यपाल सीवी आनंद बोस को Z+ सुरक्षा प्रदान की गई है। उनकी सुरक्षा के लिए लगभग 60-70 केंद्रीय पुलिसकर्मी तैनात हैं।
















