हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की बाजार में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई है। इस हादसे में नेपाली मूल का एक परिवार आग की चपेट में आ गया। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान सात साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया है, जबकि अब भी आठ से नौ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, देर रात लगी इस आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। बताया जा रहा है कि नेपाली मूल के परिवार द्वारा जलती हुई अंगीठी को घर के भीतर ले जाने के बाद आग भड़की, जिसके चलते संभवतः छह से सात गैस सिलिंडर फट गए और आग ने भयावह रूप धारण कर लिया।
प्रशासनिक अमला और दमकल विभाग सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोग इस भयावह मंजर को देखकर सहम गए। दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। रात करीब 2 से 3 बजे के बीच लगी इस आग ने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया है।

फंसे हुए लोगों को निकालने और राहत कार्य के लिए बचाव अभियान जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का प्रमुख कारण परिवार द्वारा रात के समय जलती हुई अंगीठी को घर के अंदर ले जाना माना जा रहा है।
सिलिंडर फटने से भड़की आग
-1768192743947.jpeg)
अंदर ले जाई गई अंगीठी से निकली चिंगारी ने संभवतः घर में रखे गैस सिलिंडरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके कारण छह से सात सिलिंडरों में विस्फोट हुआ। विस्फोट ने आग की भयावहता को कई गुना बढ़ा दिया।
















