उत्तर बस्तर कांकेर, 01 अगस्त 2025
जिला प्रशासन एवं जिला व्यापार उद्योग केन्द्र के सहयोग से रैंप योजना (रायसिंग एंड एक्सीलरेटिंग एमएसएमई परफॉर्मेंस) के अंतर्गत आज सिटी सेंटर मॉल कांकेर में “उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यकम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमी, महिला उद्यमी, पीएनएफएमई व पीएमईजीपी योजना के विभिन्न हितग्राही और स्टार्टअप्स उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में जिले के प्रमुख बैंकों जैसे भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनेरा बैंक, यूको बैंक सहित अन्य बैंकों के अधिकारियों ने भाग लेकर उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना और सीजीटीएमएसई से होने वाले लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दिया।
कार्यक्रम में प्रतिभागियों को बैंक अधिकारियों के साथ प्रत्यक्ष संवाद का अवसर मिला। उपस्थित उद्यमियों ने अपने व्यापार से जुड़ी समस्याओं को साझा किया, जिस पर बैंक अधिकारियों ने समाधान और मार्गदर्शन प्रदान किया। मौके पर ही कई ऋण प्रस्ताव पर कार्यवाही प्रारंभ की गई। सफल उद्यमियों द्वारा अपनी सफलता की कहानी बताकर भावी उद्यमियों को प्रोत्साहित भी किया गया।
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र कांकेर के महाप्रबंधक टंकेश्वर देवांगन ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम सेक्टर को सशक्त करने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं, जिससे भावी उद्यमियों को मार्गदर्शन और सही दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी ऐसे संवाद कार्यक्रम आयेजित किए जाएंगे। उन्होंने सभी बैंकों और उपस्थित उद्यमियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, बैंकों के अधिकारी और उद्यमीगण उपस्थित थे।
















