आम यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के उद्देश्य से भारतीय रेलवे जल्द ही 9 अलग-अलग रूटों पर 9 नई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शुरू करने जा रहा है। इसकी जानकारी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को दी। उन्होंने उन सभी 9 रूटों का भी खुलासा किया है, जिन पर ये नई ट्रेनें चलाई जाएंगी।
इन ट्रेनों के शुरू होने से पश्चिम बंगाल, असम, बिहार, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु के करोड़ों यात्रियों को लाभ मिलेगा। यात्रियों को न सिर्फ किफायती किराए पर सफर की सुविधा मिलेगी, बल्कि उनकी यात्रा पहले से अधिक आरामदायक और सुविधाजनक भी होगी।
किन 9 रूटों पर चलाई जाएंगी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें
- गुवाहाटी (कामाख्या)-रोहतक अमृत भारत एक्सप्रेस
- डिब्रूगढ़-लखनऊ (गोमती नगर) अमृत भारत एक्सप्रेस
- न्यू जलपाईगुड़ी-नागरकोइल अमृत भारत एक्सप्रेस
- न्यू जलपाईगुड़ी-तिरुचिरापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस
- अलीपुरद्वार-एसएमवीटी बेंगलुरु अमृत भारत एक्सप्रेस
- अलीपुरद्वार-मुंबई (पनवेल) अमृत भारत एक्सप्रेस
- कोलकाता (सांतरागाछी) – ताम्बरम अमृत भारत एक्सप्रेस
- कोलकाता (हावड़ा)-आनंद विहार टर्मिनल अमृत भारत एक्सप्रेस
- कोलकाता (सियालदह)-बनारस अमृत भारत एक्सप्रेस
अमृत भारत एक्सप्रेस में 1000 किमी की यात्रा के लिए 500 रुपये है किराया
अमृत काल की विशेष पहल के तहत शुरू की गई अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को खास तौर पर नॉन-एसी स्लीपर श्रेणी में लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। अमृत भारत एक्सप्रेस का किराया औसतन प्रति 1000 किलोमीटर करीब 500 रुपये रखा गया है, जबकि छोटी और मध्यम दूरी की यात्राओं के लिए किराया उसी अनुपात में कम होता है। ये ट्रेनें उन क्षेत्रों को जोड़ती हैं, जो भौगोलिक कारणों या सीमित अवसरों के चलते अक्सर मुख्यधारा से कटे रहते हैं।
दिसंबर 2023 में लॉन्च होने के बाद से अब तक देशभर में 30 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। वहीं, एक सप्ताह के भीतर 9 और नई ट्रेनें शुरू की जाएंगी, जिसके बाद अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की कुल संख्या बढ़कर 39 हो जाएगी।
















