देश के सबसे अमीर नगर निकाय बीएमसी के चुनावी नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए गठबंधन में शामिल एकनाथ शिंदे की शिवसेना को बड़ी जीत मिली है। इस जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र की जनता का आभार जताया है।
मुंबई स्थित भाजपा कार्यालय में जश्न का माहौल रहा। वहीं पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “धन्यवाद महाराष्ट्र।” उन्होंने कहा कि राज्य की मेहनती जनता ने एनडीए के सुशासन और जनहित के एजेंडे पर भरोसा जताया है। अलग-अलग नगर निगम चुनावों के नतीजे यह दिखाते हैं कि महाराष्ट्र और एनडीए के बीच रिश्ता और मजबूत हुआ है।
‘लोगों ने हमारे काम पर भरोसा जताया’
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हमारा अब तक का काम और विकास का विजन लोगों को पसंद आया है। उन्होंने पूरे महाराष्ट्र की जनता का धन्यवाद करते हुए कहा कि यह वोट विकास को आगे बढ़ाने और राज्य की समृद्ध संस्कृति का सम्मान करने का संकेत है।
निकाय चुनाव के नतीजे क्या कहते हैं?
ताजा रुझानों के अनुसार, मुंबई में भाजपा 90 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 28 वार्डों में बढ़त बनाए हुए है। अजीत पवार गुट की एनसीपी सिर्फ तीन वार्डों में आगे है। बता दें कि एनसीपी ने यह चुनाव एनडीए से अलग होकर लड़ा था।
विपक्ष की बात करें तो शिवसेना (यूबीटी) 57 और उसकी सहयोगी एमएनएस 9 वार्डों में आगे चल रही है। कांग्रेस, जो वंचित बहुजन अघाड़ी के साथ चुनाव मैदान में उतरी थी, 15 वार्डों में आगे है। इसके अलावा आठ वार्डों में अन्य उम्मीदवारों ने बढ़त बनाई है। इन नतीजों से साफ है कि बीएमसी पर शिवसेना (यूबीटी) की पकड़ कमजोर पड़ गई है।
किस पार्टी ने कितनी सीटों पर चुनाव लड़ा?
भाजपा ने 137 सीटों पर, जबकि शिवसेना ने 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे। अजीत पवार गुट की एनसीपी ने 94 सीटों पर अलग से चुनाव लड़ा। शिवसेना (यूबीटी) ने 163, एमएनएस ने 52, कांग्रेस ने 143 और वंचित बहुजन अघाड़ी ने 46 वार्डों में उम्मीदवार खड़े किए थे।
















