बीजापुर, 29 जनवरी – बीजापुर जिले के दक्षिणी इलाके में थाना पामेड़ के कावरगट्टा–गुंडराजगुडे़म जंगल पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो कुख्यात माओवादी कैडर मारे गए।
मारे गए माओवादी कैडर की पहचान ACM प्रदीप उर्फ जोगा (इनामी ₹5 लाख) और PM भीमा वेको (इनामी ₹2 लाख) के रूप में हुई है। दोनों पामेड़ एरिया कमेटी के सक्रिय सदस्य थे और कई हिंसक घटनाओं में शामिल रहे थे, जिनमें पूर्व सरपंच भीमा मड़कम की हत्या भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक बीजापुर डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि माओवादी गतिविधियों की सूचना मिलने पर 28 जनवरी की शाम DRG, बस्तर फाइटर्स और CRPF की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। अगले दिन सुबह लगभग 7 बजे से माओवादी और सुरक्षा बलों के बीच लगातार फायरिंग हुई।
फायरिंग रुकने के बाद मुठभेड़ स्थल पर दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। साथ ही एक AK-47 रायफल, 9 एमएम पिस्टल, गोला-बारूद, विस्फोटक और अन्य नक्सली सामग्री भी जब्त की गई।
इसी बीच कांकेर–नारायणपुर बॉर्डर और कल्पर, मोदेमरका क्षेत्रों में सुरक्षा बलों ने 9 नग आईईडी बरामद कर मौके पर ही निष्क्रिय किया। जवानों की सतर्कता के कारण माओवादी के कई नापाक मंसूबे नाकाम रहे।

बीजापुर पुलिस और सुरक्षा बल लगातार नक्सल विरोधी अभियान चला रहे हैं। पिछले साल कल्पर के जंगलों में 29 माओवादी मारे जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार इलाके में अब 20–25 माओवादी ही सक्रिय हैं और उनकी तलाश जारी है। जवानों की सतर्कता के चलते माओवादी अक्सर आईईडी का सहारा लेते हैं, लेकिन उनका प्रयास विफल रहा है।















