छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल उन्मूलन नीति के तहत नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ क्षेत्र में चल रहे नक्सल विरोधी अभियानों के दौरान सुरक्षा बलों को एक बार फिर बड़ी सफलता मिली है। नारायणपुर पुलिस डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने नक्सल प्रभावित इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया।
53वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन और उप सेनानी तेजवीर सिंह के नेतृत्व में ग्राम मडोदा से भोटोर के बीच संयुक्त सर्च ऑपरेशन किया गया। इस दौरान ग्राम भोटोर के पास घने जंगलों में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया एक बड़ा डंप बरामद किया गया।
भारी मात्रा में नक्सली सामग्री जब्त
सुरक्षा बलों की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नक्सली सामग्री बरामद हुई। इसी दौरान एक प्रेशर कुकर आईईडी भी मिली, जिसे आईटीबीपी की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से विस्फोट कर नष्ट कर दिया।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को किसी तरह की कोई क्षति नहीं हुई और न ही किसी प्रकार की जनहानि हुई है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने के बाद सभी जवान बरामद सामग्री के साथ सुरक्षित रूप से कैंप लौट आए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी इस तरह के सघन सर्च ऑपरेशन जारी रखे जाएंगे।
31 जनवरी 2026 को चला संयुक्त अभियान
नारायणपुर जिले के अबूझमाड़ अंचल में नक्सल गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में 31 जनवरी 2026 को नारायणपुर पुलिस डीआरजी और आईटीबीपी की संयुक्त टीम ने जॉइंट सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया।
















