उत्तराखंड के देहरादून जिले के कालसी क्षेत्र में हिमाचल प्रदेश ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन की एक यात्री बस गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। इनमें से 6–7 घायलों की हालत गंभीर है। हादसे के समय बस में करीब 30 यात्री सवार थे। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
SDRF की टीमें राहत-बचाव में जुटीं
हादसे की सूचना मिलते ही SDRF और जिला प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। खाई में गिरी बस से यात्रियों को निकालने का काम तेजी से किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए राहत-बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि कालसी क्षेत्र में बस दुर्घटना की सूचना बेहद दुखद है। जिला मजिस्ट्रेट से फोन पर बात कर आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सभी नजदीकी मेडिकल सेंटरों को अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में भेजा जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
तमिलनाडु में भी हुआ सड़क हादसा
इससे पहले रविवार को तमिलनाडु के अरियालुर जिले में तिरुचि–चिदंबरम नेशनल हाईवे पर एक वैन पलट गई। समयपुरम मरियम्मन मंदिर से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालु वैन में सवार थे। हादसा पोय्यूर गांव के पास हुआ। सूचना मिलते ही कीझापझुवुर पुलिस मौके पर पहुंची, मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
















