आजकल लोग सुबह उठते ही हेल्दी जूस शॉट्स लेना पसंद करने लगे हैं। सोशल मीडिया पर भी ऐसे कई जूस के बारे में बताया जाता है, जिन्हें सीमित मात्रा में सुबह पीना फायदेमंद माना जाता है। हालांकि, हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि सुबह जूस पीना हमेशा सेहत के लिए सही नहीं होता, क्योंकि जूस में शुगर की मात्रा ज्यादा हो सकती है। इसके बावजूद अगर जूस पीने की इच्छा हो, तो बहुत कम मात्रा यानी एक शॉट जितना जूस लिया जा सकता है। ध्यान रहे कि जूस घर पर ताजा बनाया गया हो और उसमें हेल्दी चीजें शामिल हों।
इसी बीच एम्स ट्रेंड और कैलिफोर्निया में रहने वाले गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर की है। इसमें उन्होंने अपनी पसंदीदा ड्रिंक ऑरेंज जिंजर शॉट की रेसिपी बताई है, जिसे सुबह शॉट के रूप में पिया जा सकता है।
संतरा और अदरक शॉट के फायदे
ऑरेंज जिंजर शॉट तीन चीजों से बनाया जाता है—संतरा, अदरक और गाजर। गाजर में बीटा-कैरोटीन पाया जाता है, जो एक मजबूत एंटीऑक्सीडेंट है और इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है। संतरा विटामिन C और फ्लेवोनोइड्स से भरपूर होता है, जो शरीर को नुकसान पहुंचाने वाले फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फ्लेवोनोइड्स दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम कर सकते हैं। वहीं अदरक में मौजूद जिंजरोल पाचन को बेहतर बनाता है। अदरक में एंटीऑक्सीडेंट और सूजन कम करने वाले गुण भी पाए जाते हैं।
संतरा और अदरक शॉट बनाने की विधि
इस शॉट को बनाने के लिए दो मीडियम गाजर छीलकर छोटे टुकड़ों में काट लें। इसके बाद एक संतरा छील लें और करीब एक इंच अदरक का टुकड़ा लें। अब इन सभी चीजों को जूसर में डालकर जूस निकाल लें। अगर जूसर न हो तो मिक्सी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। तैयार जूस को छानकर 3 से 4 छोटे शॉट बना लें। एक शॉट करीब 30 से 50 मिलीलीटर का होता है। इसे सुबह पी सकते हैं। चाहें तो इस जूस को फ्रिज में 1 से 2 दिन तक स्टोर भी किया जा सकता है।
















