वैभव सूर्यवंशी की विस्फोटक 175 रनों की पारी के दम पर भारतीय अंडर-19 टीम ने शुक्रवार को अंडर-19 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 411 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। यह इस टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। इससे पहले इंग्लैंड ने स्कॉटलैंड के खिलाफ 404 रन बनाए थे।
412 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड अंडर-19 टीम 40.2 ओवर में 311 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने फाइनल मुकाबला 100 रनों से जीतकर छठी बार अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया।
छठे कप्तान बने आयुष
इससे पहले भारत ने मोहम्मद कैफ (2000), विराट कोहली (2008), उन्मुक्त चंद (2012), पृथ्वी शॉ (2018) और यश ढुल (2022) की कप्तानी में अंडर-19 विश्व कप जीता है। अब आयुष म्हात्रे भी इस खास सूची में शामिल हो गए हैं।
फाइनल में चला वैभव का बल्ला
फाइनल मुकाबले में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। हालांकि चौथे ओवर में ही एरोन जॉर्ज (9) आउट हो गए। इसके बाद नंबर तीन पर उतरे आयुष ने वैभव सूर्यवंशी के साथ पारी संभाली। आयुष जहां संयमित बल्लेबाजी कर रहे थे, वहीं वैभव ने आक्रामक अंदाज अपनाया।
वैभव सूर्यवंशी ने चौकों और छक्कों की बरसात करते हुए सिर्फ 80 गेंदों में 175 रन ठोक दिए। उनकी इस पारी में 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। वैभव ने 32 गेंदों में अर्धशतक और 55 गेंदों में शतक पूरा किया। इस धमाकेदार पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड भी अपने नाम किए।
U19 विश्व कप फाइनल में शतक
- 175 – वैभव सूर्यवंशी (भारत) बनाम इंग्लैंड, 2026
- 111* – उन्मुक्त चंद (भारत) बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2012
- 108 – ब्रेट विलियम्स (ऑस्ट्रेलिया) बनाम पाकिस्तान, 1988
- 107 – स्टीफन पीटर्स (इंग्लैंड) बनाम न्यूजीलैंड, 1998
- 101* – मनजोत कालरा (भारत) बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2018
- 100* – जेराड बर्क (ऑस्ट्रेलिया) बनाम साउथ अफ्रीका, 2002
U19 विश्व कप में सबसे तेज शतक (गेंद)
- 51 – विल मलाजचुक (ऑस्ट्रेलिया) बनाम जापान, 2026
- 55 – वैभव सूर्यवंशी (भारत) बनाम इंग्लैंड, 2026
- 63 – कासिम अकरम (पाकिस्तान) बनाम श्रीलंका, 2022
- 65 – बेन मेस (इंग्लैंड) बनाम स्कॉटलैंड, 2026
- 69 – राज बावा (भारत) बनाम युगांडा, 2022
अंडर-19 विश्व कप में सर्वाधिक सिक्स
- 29 – वैभव सूर्यवंशी (2026)
- 18 – डेवाल्ड ब्रेविस (2022)
- 18 – फिन एलन (2016 और 2018)
- 15 – जैक बर्नहैम (2016)
- 14 – माइकल हिल (2008)
- 14 – निकोलस पूरन (2014)
यूथ वनडे में सर्वाधिक रन
- वैभव सूर्यवंशी: 1412 रन
- विजय जोल: 1404 रन
- यशस्वी जायसवाल: 1386 रन
- तन्मय श्रीवास्तव: 1316 रन
- शुभमन गिल/उन्मुक्त चंद: 1149 रन
- सरफराज खान: 1080 रन
- विराट कोहली: 978 रन
कप्तान ने लगाया अर्धशतक
भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे ने अर्धशतक लगाया। उनके और वैभव के बीच दूसरे विकेट के लिए 90 गेंदों पर 142 रनों की साझेदारी हुई। आयुष के आउट होने के बाद आए वेदांत त्रिवेदी (32) और विहान मल्होत्रा (30) ने भी टीम को अहम योगदान दिया। इन फॉर्म विकेटकीपर बल्लेबाज अभिज्ञान कुंडू अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 31 गेंदों पर 40 रन की पारी खेली। आरएस अंबरीश ने 18 रनों का सहयोग किया।
कनिष्क ने दिया अहम योगदान
अंत में कनिष्क चौहान ने तेजी से रन बनाकर भारत का स्कोर 400 के पार पहुंचा दिया। उन्होंने 20 गेंदों पर नाबाद 37 रन कूट दिए। अपनी इस पारी में चौहान ने 3 चौके और 1 छक्का लगाया। गेंदबाज खिलान पटेल ने 3 और हेनिल पटेल ने 4 रन बनाए। जेम्स मिंटो के खाते में 3 विकेट आए। वहीं एलेक्स ग्रीन और सेबेस्टियन मॉर्गन को 2-2 सफलताएं मिलीं।
फिफ्टी से चूके बेन
412 रनों के टारगेट को चेज करने उतरी इंग्लैंड टीम को 2-3 पार्टनरशिप ही मिलीं। इसके अलावा टीम नियमित अंतराल में विकेट खोती चली गई। 5वें ओवर में जोसेफ मूर्स (17) को अंबरीश ने बोल्ड किया। इसके बाद बेन डॉकिन्स और बेन मेस के बीच दूसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी हुई। खिलन पटेन इस पार्टनरशिप को तोड़ा। उन्होंने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे बेन (45) को हेनिल पटेल के हाथों कैच आउट कराया।
9 गेंद पर गिरे 4 विकेट
ओपनर बेन डॉकिन्स ने कप्तान थॉमस रेव (31) के साथ 49 रन जोड़े। कनिष्क चौहान ने इंग्लैंड के कप्तान को अपने जाल में फंसाया और पवेलियन भेज दिया। इसके बाद इंग्लैंड ने कुछ विकेट जल्दी गंवा दिए। 21वें और 22वें ओवर में इंग्लैंड टीम को 2-2 झटके लगे। बेन डॉकिन्स ने 56 गेंदों पर 66 रन की पारी खेली। राल्फी अल्बर्ट खाता खोले बिना ही रन आउट हुए।
दीपेश ने चटकाए 2 विकेट
22वां ओवर करने आए दीपेश देवेंद्रन चौथी गेंद पर फरहान अहमद (1) का शिकार किया। ओवर की आखिरी गेंद पर दीपेश ने सेबेस्टियन मॉर्गन (0) को कॉट एंड बोल्ड किया। जेम्स मिंटो और कैलेब फाल्कनर के बीच लोअर ऑर्डर में बड़ी साझेदारी देखने को मिली। दोनों ने 80 गेंदें खेलीं और 92 रन बनाए। अंबरीश ने आखिरकार यह साझेदारी तोड़ी। उन्होंने मिंटो (41 बॉल, 28 रन) को कैच आउट कराया।
कैलेब ने लगाया शतक
इंग्लैंड टीम भले ही मुकाबला हाल रही हो पर अब तक एक छोर संभालने वाले कैलेब फाल्कनर ने शतक लगाया। उन्होंने 63 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी की। शतक लगाने के बाद कैलेब कैच आउट हुए। उन्होंने 67 गेंदों पर 115 रन की पारी खेली। इसके साथ ही इंग्लैंड टीम 311 रन पर ढेर हो गई। भारत की ओर से आरएस अंबरीश ने 3 विकेट चटकाए। दीपेश देवेंद्रन और कनिष्क चौहान को 2-2 सफलताएं मिलीं।















