रायगढ़, 7 फरवरी 2026।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जिले में अवैध शराब, जुआ-सट्टा, देह व्यापार और फरार वारंटियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जूटमिल थाना पुलिस ने गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गोविंद भट्ट उर्फ बुटू ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लाकर सोनूमुड़ा देवारपारा स्थित अपने घर में छुपाकर अवैध रूप से बिक्री कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक प्रशांत राव आहेर के नेतृत्व में टीम गठित की गई और आरोपी के मकान पर घेराबंदी कर छापेमारी की गई।
तलाशी के दौरान घर में रखी एक पेटी से 7 किलो 300 ग्राम और एक डिब्बे से 5 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दिन पहले बिक्री के उद्देश्य से गांजा लेकर आया था। मौके से गांजा बिक्री के ₹3,500 नगद भी जब्त किए गए।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 12 किलो 400 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.50 लाख है, तथा ₹3,500 नकद जब्त कर थाना जूटमिल में अपराध क्रमांक 41/2026 धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन में, सीएसपी मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण में जूटमिल पुलिस अवैध गांजा खरीद-फरोख्त में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।
















