कोरबा, 18 फरवरी। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन छात्रों द्वारा आत्महत्या किए जाने के मामले सामने आए हैं। इनमें दो छात्राएं और एक छात्र शामिल हैं। पुलिस ने बुधवार को इसकी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, कोतवाली और उरगा थाना क्षेत्र में दो छात्राओं ने जबकि सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक छात्र ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।
पहली घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के इंदिरानगर इलाके की है, जहां एक निजी स्कूल में पढ़ने वाली 10वीं कक्षा की छात्रा अंजली केंवट (17) ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना परिजनों ने पुलिस को दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
दूसरी घटना उरगा थाना क्षेत्र के धमनागुड़ी गांव की है। यहां 9वीं कक्षा की छात्रा गीता महंत (15) ने गांव के एक पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी।
वहीं तीसरी घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आईटीआई बस्ती की है, जहां 12वीं कक्षा के छात्र उज्ज्वल डनसेना उर्फ ध्रुव (17) ने घर में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें छात्र ने अपनी मौत के बाद शव को मेडिकल कॉलेज को सौंपने की इच्छा जताई है। फिलहाल पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
















