नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तलाश में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अब तक एक प्रदर्शनकारी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। रविवार को पुलिस ने दिल्ली समेत करीब एक दर्जन स्थानों पर छापेमारी की।
इस कार्रवाई में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और एंटी टेरर यूनिट भी शामिल हैं, जो फरार प्रदर्शनकारियों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस ने कृष्णा हरि की कार भी बरामद की है, जिसमें से टी-शर्ट और पोस्टर मिले हैं। एक अन्य प्रदर्शनकारी को भी हिरासत में लिया गया है, जिसकी जल्द गिरफ्तारी की जा सकती है।
चार कार्यकर्ता पांच दिन की पुलिस हिरासत में
इस मामले में दिल्ली की एक अदालत ने भारतीय युवा कांग्रेस के चार कार्यकर्ताओं को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार लोगों में बिहार से राष्ट्रीय सचिव कृष्णा हरि, प्रदेश सचिव कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश से प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं। अदालत ने पुलिस को इनसे पूछताछ की अनुमति दी है।
प्रदर्शनकारियों पर लगे गंभीर आरोप
दिल्ली पुलिस के अनुसार, प्रदर्शनकारियों पर राष्ट्रविरोधी नारे लगाने और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आपत्तिजनक तस्वीरों वाली टी-शर्ट पहनने का आरोप है। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करने का भी आरोप लगाया गया है।
शनिवार को सभी आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां पुलिस ने पूछताछ के लिए पांच दिन की हिरासत मांगी। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद पुलिस हिरासत की मांग को मंजूरी दे दी।














