उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से इस वक्त बड़ी खबर सामने आई है। यहां हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार को दुबग्गा इलाके के पास एक नहर से उनका शव बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि फॉर्च्यूनर गाड़ी में ही उन्हें गोली मारी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक, धीरेंद्र प्रताप सिंह शनिवार को सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र से अचानक लापता हो गए थे। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की थी। पुलिस की कई टीमें उनकी खोजबीन में जुटी थीं। रविवार को दुबग्गा इलाके की एक नहर में उनका शव मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस को आशंका है कि धीरेंद्र प्रताप सिंह की हत्या गोली मारकर की गई है। शुरुआती जांच में पुलिस का शक उनके ड्राइवर पर भी जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ की टीम भी जांच में जुट गई है।
बताया जा रहा है कि धीरेंद्र प्रताप सिंह मूल रूप से उन्नाव जिले के फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के राजेपुर गांव के रहने वाले थे और लंबे समय से हिंदू युवा वाहिनी से जुड़े हुए थे। फिलहाल वह लखनऊ के पीजीआई इलाके में रह रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार को लखनऊ के एक मॉल से उनके अपहरण की बात भी सामने आई है। वहीं करीब 50 करोड़ रुपये की जमीन को लेकर उनका विवाद चलने की जानकारी भी मिली है। पुलिस अब हत्या के पीछे की वजह और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
















